राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह सोमवार को आएंगे झुंझुनूं
मंगलवार को करेंगे पंचायती राज चुनाव की तैयारियों की समीक्षा, मतदान केंद्रों का भी करेंगे निरीक्षण
मतदान केंद्र का निरीक्षण करते जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक।
झुंझुनूं, 25 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत चुनाव प्रबंधन, मतदान केंद्रों के निरीक्षण एवं चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए सोमवार को झुंझुनूं आएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयुक्त सोमवार शाम झुंझुनूं पहुंचेंगे।
इस दौरान वे ग्राम आबूसर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम (स्वीप) के तहत आयोजित ‘एक दीप लोकतंत्र के नाम’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम शाम 6 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू होगा। इसमें स्वागत गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, वरिष्ठ मतदाताओं का सम्मान तथा मुख्य अतिथि का उद्बोधन होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयुक्त मंगलवार को पंचायती राज चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। साथ ही विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान दलों की रवानगी की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। इसके बाद वे बीकानेर के लिए रवाना होंगे।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
इस समाचार पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!