*पंचायती राज चुनाव* रिटर्निंग अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी व एसपी ने दिए आवश्यक निर्देश
अधिकारियों को जानकारी देते जिला कलेक्टर डॉ अरुण गर्ग
झुंझुनू, 21 अक्टूबर। पंचायती राज चुनाव के संबंध में बुधवार को रिटर्निंग अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया का प्रशिक्षण देकर उनकी जिम्मेदारियों से अवगत करवाया गया।
आरआर मोरारका कॉलेज में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरुण कुमार गर्ग और पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने रिटर्निंग अधिकारियों को चुनाव से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण में निर्वाचन प्रक्रिया के संचालन, अधिकारियों की भूमिका और चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर दिशा-निर्देश दिए गए।
गांवों में फ्लैग मार्च, संवेदनशील क्षेत्रों पर फोकस
चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने संवेदनशील गांवों और क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया है। पुलिस की टीमें लगातार क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं। इसके साथ ही गांवों में फ्लैग मार्च निकालकर आमजन को सुरक्षित माहौल का भरोसा दिलाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य असामाजिक तत्वों में कानून का भय बनाए रखना और चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोकना है।
जिले में चुनाव के दौरान सुरक्षा की जिम्मेदारी करीब 3000 पुलिस जवान संभालेंगे।
सीमावर्ती इलाकों में बढ़ेगी चौकसी
झुंझुनू जिले की हरियाणा सहित अन्य राज्यों से लगती सीमाओं पर भी पुलिस विशेष निगरानी रख रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि बाहरी असामाजिक तत्व चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न नहीं कर सकें।
प्रशासन और पुलिस की ओर से चुनावी तैयारियों को लेकर समन्वय के साथ काम किया जा रहा है। अधिकारियों का लक्ष्य जिले में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करवाना और मतदाताओं को निर्भय होकर मतदान करने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रभारी रामनिवास, सह प्रभारी अरविंद ओला सहित मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहे।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
इस समाचार पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!