पंचायतीराज आम चुनाव के द्वितीय चरण के मतदान के लिए मतदान दल रवाना
सेठ मोतीलाल कॉलेज परिसर से 604 मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए मतदान दल
मतदान केंद्रों के लिए रवाना होते हुए कर्मचारी
झुंझुनूं, 27 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के तहत झुंझुनूं जिले की 6 पंचायत समितियों एवं जिला परिषद के वार्डों में 28 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए मंगलवार को सेठ मोतीलाल कॉलेज परिसर से प्रशिक्षण के उपरांत मतदान दल ईवीएम, बैलेट पेपर एवं निर्वाचन संबंधी आवश्यक सामग्री के साथ उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान दलों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चुनाव सामग्री उपलब्ध कराई गई तथा सामग्री प्राप्त करने के बाद उन्हें संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। मतदान दलों की सुविधा के लिए वाहन पार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) डॉ अरुण गर्ग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदान केन्द्रों पर मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, स्वतंत्र, सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण में झुंझुनूं, चिड़ावा, सूरजगढ़, सिंघाना, पिलानी व बुहाना पंचायत समितियों के 102 वार्डों तथा जिला परिषद के 16 वार्डों में मतदान होगा।
इन क्षेत्रों में कुल 604 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। दूसरे चरण में कुल 5 लाख 65 हजार 634 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 2 लाख 93 हजार 676 पुरुष तथा 2 लाख 71 हजार 958 महिला मतदाता शामिल हैं। जिला परिषद एवं द्वितीय चरण की संबंधित पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए बुधवार, 28 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा।
28 अक्टूबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए ईवीएम से मतदान के बाद गुरुवार, 29 अक्टूबर को ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। इसके बाद शुक्रवार, 30 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए बैलेट पेपर से मतदान होगा। शनिवार, 31 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा। इस प्रकार मतदान दलों को ईवीएम एवं बैलेट पेपर, दोनों माध्यमों से निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
*फैक्ट फाइल द्वितीय चरण*
पंचायत समिति - 6
पंचायत समिति वार्ड - 102
जिला परिषद वार्ड - 16
ग्राम पंचायत - 167
ग्राम पंचायतों के वार्ड - 1577
कुल मतदान केंद्र (बुथ) - 604
कुल मतदान के स्थान - 176
सेक्टर मजिस्ट्रेट - 50
पुरुष मतदाता - 293676
महिला मतदाता - 271958
कुल मतदाता - 565634
क्रिटिकल मतदान केंद्र - 52
पाठकों की टिप्पणियां (0)
इस समाचार पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!