डॉ. वेदिका पोदार बनीं झुंझुनूं जिले की मानसिक स्वास्थ्य राजदूत
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने जारी किए नियुक्ति आदेश, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में निभाएंगी अहम भूमिका
डॉ वेदिका पोद्दार
झुंझुनूं। जिले में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने और मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सकारात्मक वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने डॉ. वेदिका पोदार को झुंझुनूं जिले की मानसिक स्वास्थ्य राजदूत (Mental Health Ambassador) नियुक्त किया है। इस संबंध में जिला कलेक्टर डॉ अरुण गर्ग ने बताया कि वर्तमान समय में मानसिक स्वास्थ्य एक गंभीर सामाजिक एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या है। आमजन में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से जिले में मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक योग्य मार्गदर्शक की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सीएमएचओ डॉ छोटेलाल गुर्जर की शिफारिश पर डॉ. वेदिका पोदार को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. वेदिका पोदार मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, मानसिक समस्याओं को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने तथा लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूक करने में मार्गदर्शक की भूमिका निभाएंगी।
*मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर जोर*
सीएमएचओ डॉ छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि वर्तमान समय में तनाव, चिंता और अन्य मानसिक समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और जरूरतमंद लोगों को समय पर उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित करने में मानसिक स्वास्थ्य राजदूत की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जिला प्रशासन की इस पहल से जिले में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
इस समाचार पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!